
चार शिक्षकों ने ₹1लाख की नगद राशि मिली उसे असली मालिक को लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाईमाधोपुर।मित्रपुरा तहसील क्षेत्र के चार अध्यापकों ने ईमानदारी का परिचय देते हुए 1 लाख रुपये से भरी थैली उसके असली मालिक को लौटा दी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत लाखनपुर निवासी द्वितीय श्रेणी अध्यापक मुकेश कुमार गुर्जर राजकीय माध्यमिक विद्यालय गुगदोद में कार्यरत हैं। उनके साथ लक्ष्मण गुर्जर, राजेंद्र गुर्जर और जीतराम गुर्जर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कुआं गांव में अध्यापक हैं।
चारों अध्यापक मोटरसाइकिल से बौंली जा रहे थे। लाखनपुर में शिवालय के पास उन्हें सड़क पर एक थैली मिली। थैली में 500-500 रुपये के नोटों की दो गड्डियां और कक्षा 10वीं बोर्ड का एक चालान था।
चालान से पता चला कि यह राशि विश्व भारती विद्यालय मित्रपुरा के संचालक श्योजीराम माली की थी। श्योजीराम माली बौंली बैंक में चालान जमा करवाने और किसी को पैसे देने मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी लाखनपुर में उनकी थैली गिर गई थी।
अध्यापकों ने किसी माध्यम से संचालक का मोबाइल नंबर प्राप्त कर उनसे संपर्क किया और उन्हें लाखनपुर बुलाया। ग्रामीण श्रीराम गुर्जर, गिर्राज माली और सूरजमल वैष्णव की मौजूदगी में पूरी 1 लाख रुपये की राशि संचालक को लौटा दी गई।
राशि वापस मिलने पर विद्यालय संचालक श्योजीराम माली ने सभी अध्यापकों का आभार व्यक्त किया। क्षेत्र में चारों अध्यापकों की ईमानदारी की सराहना की जा रही है।