
ब्रेकिंग न्यूज़- रुड़की को मिलीं दो नई महिला अधिकारी, गौरी प्रभात होंगी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तो स्मिता परमार संभालेंगी मुख्य नगर निगम की कमान..
प्रिंस शर्मा रुड़की/हिन्दुस्तान समाचार।।
उत्तराखंड शासन ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आईएएस और पीसीएस संवर्ग के 30 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में रुड़की को दो नई महिला अधिकारी मिली हैं। अब आईएएस अधिकारी गौरी प्रभात रुड़की की नई संयुक्त मजिस्ट्रेट होंगी जबकि स्मिता परमार को नगर निगम रुड़की का नया मुख्य नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं मौजूदा नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल और संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ का भी तबादला कर दिया गया है। शासन के इस फैसले के बाद रुड़की के प्रशासनिक और नगर निगम से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी अब नई अधिकारियों के हाथों में होगी। दरअसल, उत्तराखंड शासन की ओर से बुधवार, 11 नवंबर को जारी तबादला सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इसी क्रम में रुड़की नगर निगम के नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल को उप मेलाधिकारी, कुंभ मेला हरिद्वार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, उनके स्थान पर स्मिता परमार को रुड़की का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
वहीं, रुड़की के संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ का भी तबादला कर दिया गया है। उन्हें मुख्य विकास अधिकारी चमोली बनाया गया है। जबकि पौड़ी में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात आईएएस अधिकारी गौरी प्रभात को रुड़की का नया संयुक्त मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। दोनों महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर महिला अधिकारियों की तैनाती के बाद अब रुड़की में प्रशासनिक व्यवस्था और नगर निगम के कामकाज की जिम्मेदारी नई अधिकारियों के कंधों पर होगी। ऐसे में शहर की सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक मामलों को लेकर नई अधिकारियों की कार्यशैली पर लोगों की नजर रहेगी। फिलहाल शासन के इस फेरबदल के बाद रुड़की को नई संयुक्त मजिस्ट्रेट और नई नगर आयुक्त मिल गई हैं। अब देखना होगा कि दोनों अधिकारी अपनी नई जिम्मेदारियां संभालने के बाद शहर की व्यवस्थाओं को किस तरह आगे बढ़ाती हैं।