
#राठ: शहर की गलियां जलमग्न, खेतों में भरा पानी… अतिवृष्टि ने बिगाड़े हालात, विधायक ने गांवों में पहुंचकर देखा नुकसान
राठ। क्षेत्र में 72 घंटे तक रुक-रुककर हुई बारिश ने शहर से लेकर गांवों तक जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। नगर की गलियों में जलभराव से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी, वहीं खेतों में पानी भरने से फसलों को भारी नुकसान होने की बात सामने आई है। विधायक मनीषा अनुरागी ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर किसानों और ग्रामीणों से नुकसान की जानकारी ली।
शनिवार शाम विधायक मनीषा अनुरागी ने नगर के औंड़ेरा रोड, रामलीला मैदान और नहर बाईपास पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर जानकारी ली।
इसके बाद रविवार को विधायक ने एसडीएम चित्रा निर्वाल और तहसीलदार दिलीप सिंह के साथ धमना, गोहानी, पतखुरी और बदनपुर गांवों में पहुंचकर खेतों की स्थिति देखी। खेतों में लबालब भरे पानी के कारण फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया।
विधायक ने बताया कि लगातार बारिश के चलते खेतों में पानी भर गया है, जिससे फसलें खराब हुई हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों के गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे किसानों और ग्रामीणों के सामने मुश्किलें बढ़ गई हैं।
उन्होंने कहा कि खराब फसलों और गिरे हुए मकानों के लिए मुआवजा तथा किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया है। विधायक ने प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता दिलाने का भरोसा भी दिया।
💬 आपके क्षेत्र में बारिश से क्या हालात हैं? संक्षिप्त और गरिमापूर्ण प्रतिक्रिया कमेंट में दें।
👍 खबर पसंद आए तो LIKE और SHARE जरूर करें।
📲 राठ-हमीरपुर की स्थानीय खबरों के लिए Rath Times को FOLLOW करें।
#राठ #हमीरपुर #अतिवृष्टि #जलभराव #किसान #फसलनुकसान #स्थानीयसमाचार
Rath, Hamirpur | Sep 28, 2026