सारण के मढ़ौरा से राजद विधायक एवं पूर्व मंत्री जितेंद्र कुमार राय ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर मढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान विधायक ने क्षेत्र के युवाओं के रोजगार, किसानों के हित और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मढ़ौरा चीनी मिल को नई नीति के तहत पुनः संचालित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि चीनी मिल के चालू होने से हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, गन्ना किसानों को अपनी उपज का बेहतर बाजार मिलेगा और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया गया। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और उन पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
विधायक जितेंद्र कुमार राय ने उम्मीद जताई कि मढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर सरकार शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगी।
Chapra, Saran | Jul 9, 2026