
Ambala Media:"
अम्बाला छावनी को बड़ी स्वास्थ्य सौगात, 100 बेड के ESIC अस्पताल के लिए ₹13 करोड़ मंजूर
अम्बाला, 20 अगस्त। हरियाणा के श्रम मंत्री अनिल विज की पहल से अम्बाला छावनी में बनने वाले 100 बिस्तरों के अत्याधुनिक ESIC अस्पताल की परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। केंद्र सरकार ने अस्पताल के लिए सेक्टर-33 में 5.18 एकड़ भूमि खरीदने हेतु करीब ₹13 करोड़ की राशि मंजूर कर दी है।
मंत्री अनिल विज ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से अस्पताल स्थापित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल गई है। अस्पताल बनने के बाद अम्बाला सहित आसपास के क्षेत्रों के करीब 70 हजार बीमाकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
साहा औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिकों को भी मिलेगा लाभ
सेक्टर-33 के पास स्थित साहा औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी संख्या में औद्योगिक श्रमिक कार्यरत हैं। ऐसे में इस अस्पताल का लाभ अम्बाला छावनी के साथ-साथ साहा और आसपास के जिलों में रहने वाले बीमित कामगारों और उनके आश्रितों को भी मिलेगा।
विज ने कहा कि वह इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए लंबे समय से केंद्र सरकार और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय कर रहे थे।
आधुनिक जांच और उपचार सुविधाएं
प्रस्तावित ESIC अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इनमें एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, MRI, ECG, CBC, LFT, KFT, लिपिड प्रोफाइल, ब्लड शुगर और यूरिन टेस्ट जैसी जांच सुविधाएं शामिल होंगी।
इसके अलावा मेडिसिन, सर्जरी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, बाल रोग, हड्डी रोग, ENT, नेत्र रोग, त्वचा रोग, मनोरोग और आपातकालीन चिकित्सा जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन एवं ट्रॉमा केयर, आधुनिक ICU, OPD, IPD और डे-केयर सेवाओं की सुविधा भी प्रस्तावित है।
अम्बाला मीडिया | खबरें ही खबरें
कुलजीत सेठी
Ambala, Ambala | Aug 21, 2026