
*पांवटा साहिब में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, एकजुटता का बड़ा संदेश; हरप्रीत रतन की सक्रियता ने संभाला मोर्चा*
*प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार के दौरे में उमड़ा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब, वोट चोरी के मुद्दे पर एक महीने चलेगा बूथ स्तर तक विशेष अभियान; पूर्व विधायक किरनेश जंग की गैरमौजूदगी बनी चर्चा का विषय*
*पांवटा साहिब।* पांवटा साहिब में आयोजित कांग्रेस की रैली ने स्थानीय राजनीति में संगठनात्मक एकजुटता को लेकर नई बहस छेड़ दी है। पिछले कई वर्षों से गुटबाजी की चर्चाओं से घिरी कांग्रेस के लिए प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार के दौरे के दौरान उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं का उत्साह राहत भरा संदेश लेकर आया। रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने साफ संदेश दिया कि नेतृत्व को लेकर मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन संगठन को मजबूत करने के लिए सभी को एक मंच पर आना होगा।
इस कार्यक्रम में दो बातें समान रूप से चर्चा में रहीं। पहली, कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी और दूसरी, पूर्व विधायक किरनेश जंग की गैरमौजूदगी। उनकी अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
*हरप्रीत रतन की संगठनात्मक परीक्षा, कार्यकर्ताओं को जोड़ने में दिखी सक्रियता*
इस रैली में सबसे ज्यादा चर्चा मंडल अध्यक्ष हरप्रीत रतन की भूमिका को लेकर रही। पांवटा साहिब जैसे गुटबाजी वाले क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को जोड़ना, उन्हें सक्रिय रखना और पार्टी कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करना मंडल नेतृत्व के लिए हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा है।
इस बार रैली में दिखी भीड़ ने मंडल संगठन की सक्रियता को सामने रखा। राजनीतिक जानकार इसे हरप्रीत रतन के लिए अपनी संगठनात्मक ताकत दिखाने के अवसर के रूप में देख रहे हैं। उनका प्रयास कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने का रहा है। यदि रैली में दिखा उत्साह नियमित बैठकों और जनसमस्याओं को उठाने में तब्दील होता है, तो इससे स्थानीय कांग्रेस को मजबूती मिल सकती है। आने वाले समय में उनकी कार्यशैली पर सबकी नजर रहेगी।
*किरनेश जंग की गैरमौजूदगी पर विनय कुमार ने दिया जवाब*
पूर्व विधायक किरनेश जंग की गैरमौजूदगी से जुड़े सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने संतुलित जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत मामला है और पार्टी का प्रयास सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का है। उन्होंने मंडल अध्यक्ष हरप्रीत रतन के प्रयासों का जिक्र करते हुए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य पांवटा साहिब सहित जिला सिरमौर की पांचों विधानसभा सीटों पर संगठन को सक्रिय बनाना है।
*भाजपा पर निशाना, जनता को बताया असली निर्णायक*
रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता दावा कर रहे हैं कि कांग्रेस सरकार जाने वाली है और भाजपा सत्ता में आएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा नेताओं को भविष्य का पहले से पता चल गया है? हिमाचल में सरकार किसकी बनेगी, इसका फैसला प्रदेश की जनता करती है।
उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर जनता के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया और कहा कि राहुल गांधी वोट चोरी के मुद्दे पर लगातार आवाज उठा रहे हैं।
*वोट चोरी के मुद्दे पर एक महीने का विशेष अभियान*
आगामी रणनीति का खुलासा करते हुए विनय कुमार ने बताया कि कांग्रेस वोट चोरी के मुद्दे पर एक महीने तक विशेष अभियान चलाएगी। यह अभियान मंडल स्तर से लेकर बूथ और चौपाल तक चलाया जाएगा। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता के बीच इस मुद्दे को उठाएंगे और साथ ही संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।
कुल मिलाकर पांवटा की इस रैली ने कांग्रेस के सामने दोहरी चुनौती पेश की है - कार्यकर्ताओं के उत्साह को स्थायी ऊर्जा में बदलना और नेताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाना। फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष का दौरा, कार्यकर्ताओं की भीड़ और पूर्व विधायक की गैरमौजूदगी पांवटा की राजनीति में चर्चा के मुख्य विषय बने हुए हैं।