
पांगी के पुन्टो गांव में भीषण आगजनी: तीन परिवारों के मकानों को पहुंचा नुकसान, लाखों की संपत्ति जलकर राख
**सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच लगी आग, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू; प्रारंभिक अनुमान के अनुसार 12 से 15 लाख रुपये का नुकसान**
**पांगी (चम्बा):**
जिला चम्बा के जनजातीय उपमंडल पांगी की ग्राम पंचायत करेल के पुन्टो गांव में रविवार, 9 नवंबर 2026 को सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच आगजनी की घटना सामने आई। इस घटना में तीन परिवारों के मकानों को नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में आने से मकानों के ऊपरी हिस्सों में बने कमरे, घास रखने के शैड और उनमें रखा सूखा घास जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले मान सिंह पुत्र गुरदत्ता के मकान में लगी। उनका दो मंजिला मकान लकड़ी, पत्थर और मिट्टी से निर्मित था। आग से मकान की ऊपरी मंजिल का एक कमरा और घास रखने के लिए बनाया गया शैड पूरी तरह जल गया। शैड में रखा घास भी आग की भेंट चढ़ गया। मकान की ऊपरी छत लकड़ी और मिट्टी से बनी हुई थी।
इसके बाद आग ने साथ लगते विशन सिंह पुत्र देवी सिंह के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। उनका मकान भी दो मंजिला तथा लकड़ी, पत्थर और मिट्टी से निर्मित था। आग से ऊपरी मंजिल का एक कमरा, घास रखने के लिए बनाया गया शैड और उसमें रखा घास पूरी तरह जल गया।
वहीं, तीसरे प्रभावित परिवार के संसार चन्द पुत्र दौली राम के मकान के ऊपरी हिस्से में घास रखने के लिए बनाया गया शैड भी आग की चपेट में आ गया। शैड और उसमें रखा घास पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
बताया जा रहा है कि तीनों परिवारों के मकान एक-दूसरे के साथ सटे हुए थे, जिसके चलते एक मकान में लगी आग तेजी से दूसरे मकानों तक फैल गई। हालांकि ग्रामीणों ने समय रहते एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। ग्रामीणों की तत्परता के चलते आग को और अधिक फैलने से रोक लिया गया।
**तंदूर से उठी चिंगारी को बताया जा रहा आग लगने का संभावित कारण**
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का मुख्य कारण तंदूर से उठी चिंगारी बताया जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
इस आगजनी की घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है, जो राहत की बात है। लेकिन तीनों परिवारों को संपत्ति का काफी नुकसान उठाना पड़ा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में करीब 12 से 15 लाख रुपये तक का नुकसान बताया जा रहा है।
फिलहाल राजस्व विभाग की ओर से आगजनी से हुए नुकसान का आधिकारिक आकलन नहीं किया गया है। राजस्व विभाग की रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इस घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मकानों की मरम्मत और सर्दियों के लिए सुरक्षित व्यवस्था करने की चुनौती खड़ी हो गई है। स्थानीय प्रशासन से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित राहत एवं आर्थिक सहायता प्रदान करने की अपेक्षा की जा रही है।
#PangiValley #ChambaNews #HimachalPradesh #FireIncident
#HimSandesh हिम संदेश चल जान पांगी Pangi Administration Pangi Valley Tribal Live News The Voice of Pangwal
Saach, Chamba | Nov 9, 2026