
बेतिया। मुख्यमंत्री वृद्धजन आश्रय स्थल योजना अंतर्गत संचालित वृद्धाश्रम, पश्चिमी चंपारण का जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह द्वारा बड़ा रमना अनाथालय परिसर स्थित वृद्धाश्रम का भ्रमण किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने वृद्धाश्रम में आवासित वरिष्ठजनों के साथ भाई दूज का पर्व भी आत्मीयता एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया।
जिला पदाधिकारी ने सभी वरिष्ठजनों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम की जानकारी ली तथा वृद्धाश्रम में उपलब्ध कराई जा रही भोजन, आवासन, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए वृद्धाश्रम अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा श्री विकास कुमार ने जिला पदाधिकारी को वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, वृद्धाश्रम अधीक्षक श्री आदित्य कुमार मधुकर द्वारा जिला पदाधिकारी को वृद्धाश्रम के विभिन्न कक्षों एवं परिसर का भ्रमण कराते हुए व्यवस्थाओं से अवगत कराया गया।
भाई दूज के पावन अवसर पर वृद्धाश्रम के वरिष्ठजनों ने मिठाई एवं बजरी खिलाकर जिला पदाधिकारी का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने वरिष्ठजनों के साथ समय बिताया और उनके प्रति सम्मान एवं अपनत्व व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा वृद्धाश्रम परिसर में 'एक पौधा माँ के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वरिष्ठजनों के साथ इस पहल को साझा किया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि वरिष्ठजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं बेहतर जीवनयापन सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। वृद्धाश्रम में आवासित सभी वरिष्ठजनों को आवश्यक सुख-सुविधाएँ एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निरंतर उपलब्ध कराया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा वृद्धाश्रम की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए वरिष्ठजनों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
मौके पर वरीय उप समाहर्ता श्री सुजीत कुमार, वरीय उप समाहर्ता सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा श्री विकास कुमार, वृद्धाश्रम अधीक्षक श्री आदित्य कुमार मधुकर, वृद्धाश्रम क्रियान्वयन समिति के सदस्य एवं वृद्धाश्रम के कर्मी उपस्थित रहे।