
मजदूरी पर निकले चार भाइयों की सड़क हादसे में मौत, गांव में पसरा मातम
बालोतरा। पचपदरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मजदूरी के लिए घर से निकले चार सगे भाइयों की रोडवेज बस और अल्टो कार की भिड़ंत में मौत हो गई। एक ही परिवार के चार जवान बेटों के असमय निधन की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार उदाराम (39), रेखाराम (35), जोगाराम (31) और विशनाराम (29) मंगलवार सुबह मजदूरी के सिलसिले में अल्टो कार से निकले थे। गोलिया-परेऊ सर्किल के पास उनकी कार सामने से आ रही रोडवेज बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों भाई उसमें फंस गए।
ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। दो भाइयों ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य ने उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में अंतिम सांस ली।
चारों भाइयों की एक साथ मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में पूरे दिन मातम पसरा रहा और लोगों की आंखें नम हो गईं।
ग्रामीणों का कहना है कि परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी इन भाइयों के कंधों पर थी। एक साथ चार बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।