
विभिन्न सब-डिवीजनों में फील्ड एवं टेक्निकल स्टाफ की भारी कमी को शीघ्र दूर किया जाए : एचपीएसईबीएल पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन
=======
पांवटा साहिब : हिमाचल राज्य विद्युत बोर्ड पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन पांवटा साहिब की मासिक बैठक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता पांवटा इकाई के अध्यक्ष एससी गुप्ता ने की जबकि मंच का संचालन महासचिव पीके सिंगल ने किया गया।
ई. पीके सिंगल, जनरल सेक्रेटरी ने बैठक में उपस्थित सभी पेंशनर्स का स्वागत किया तथा सदस्यों को हाल ही मेंएचपीएसईबीएल द्वारा सात बैंकों के साथ हुए कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज (एमओयू) समझौते के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लेने के लिए पेंशनर्स अपने पेंशन अकाउंट को संबंधित बैंक शाखा में जाकर कॉर्पोरेट अकाउंट में परिवर्तित करवाएं। ई. एमएस खंबा, लीगल एडवाइजर ने सरकार से मांग की कि विद्युत बोर्ड में शीघ्र ही ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) लागू की जाए।
ई. जीएस सैनी, चीफ एडवाइजर ने विद्युत बोर्ड प्रबंधन से मांग की कि बोर्ड के विभिन्न सब-डिवीजनों में फील्ड एवं टेक्निकल स्टाफ की भारी कमी को शीघ्र दूर किया जाए, क्योंकि स्टाफ की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत ब्रेकडाउन के समय काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए शीघ्र नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।
अध्यक्ष एससी गुप्ता ने अपने संबोधन में विद्युत बोर्ड प्रबंधन से मांग की कि सभी वर्गों का लंबित एरियर हिमाचल सरकार के अनुरूप जुलाई माह में जारी किया जाए। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री जी से आग्रह किया कि पेंशनर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए 15 प्रतिशत डीए तथा डीए एरियर की घोषणा शीघ्र की जाए। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया तथा संगठन को मजबूत बनाने एवं पेंशनर्स के हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस बैठक में ई. अनूप धिमान, ई. विनोद शर्मा, ई. अजय चौधरी, ई. संजीव गुप्ता, ई. ओसी डोगरा, ईआर जम्वाल, ई. बलकार सिंह, ई. एसएस संधू, अत्तर सिंह, कुलदीप नेगी, रामभज चौहान, कुम्भराम, अजीत सिंह, जोगिंदर सिंह एवं त्रिलोक ठाकुर आदि मौजूद रहे।
Ronhat, Sirmaur | Jul 12, 2026