
अखिलेश यादव की दरियादिली इंसानियत के आगे सब कुछ छोटा !,
पार्टी के लिए आया सवा लाख रुपये का चंदा युवक को दिलाया, पश्मीना का शॉल खुद नहीं रखा, बुजुर्ग को ओढ़ा दिया।
परिपक्व होना, नेतृत्व करने वाला होना और इंसान होना, हमेशा एक ही बात नहीं होती है। यही बात अखिलेश यादव पर पूरी खरी उतरती है। अखिलेश यादव का व्यक्तित्व बेहद सहयोगी और सज्जनता से भरपूर है। उनके व्यवहार में आत्मीयता और दूसरों की मदद के लिए तत्पर रहने का भाव साफ दिखाई देता है। कई मामलों में अखिलेश यादव का बचपना खुलकर सामने आ जाता है, लेकिन इन सब पर उनकी इंसानियत, आत्मीयता और लोक के प्रति समर्पण का भाव सबसे ऊपर आ जाता है। कहने की जरूरत नहीं है कि अपने फैसलों पर उनकी मजबूती कम से कम यूपी में दूसरे नेताओं के बीच सबसे ज्यादा परिपक्व है। इस मामले में धनराज परिमल नाथवानी वाला मामला आप अलग कर दें। वजह यह कि वह तो उनकी राजनीति की मजबूरी थी, जिसमें तुला पर संतुलन बनाने की मजबूरी थी। वरना कोई जानबूझकर मक्खी नहीं निगलता है। मजबूरी तो कई बार ऐसी मक्खियों को चबा कर गले से नीचे उतारनी ही पड़ती है।
लेकिन धनतेरस के दिन दो घटनाएं ऐसी हुईं, जिनमें अखिलेश यादव के बड़े दिल की गहराई दिखाई पड़ी। उस दिन अपने कार्यालय में प्रदेश से आए लोगों के साथ सभागार में बातचीत कर रहे थे। अचानक एक युवक हड़बड़ाकर बोला कि लखनऊ आते वक्त उसकी जेब कट गई।
कितनी रकम थी।
21 हजार रुपये।
तो इतना पैसा लेकर जेब में क्यों रखकर चलते हो ।
बात आई-गई हो गई। कुछ देर बाद एक समर्थक ने सवा लाख रुपये पार्टी फंड में देने का प्रयास किया। अखिलेश यादव ने उसे धन्यवाद दिया और कहा कि आपके इस सहयोग के लिए हम सब आभारी हैं। यह चंदा हम स्वीकार कर रहे हैं, लेकिन एक अनुरोध है कि यह रकम पार्टी के बजाय उस समर्थक को दे दीजिए, जिसकी जेब कट गई और 21 हजार रुपये चोरी हो गए।
यानी पार्टी के लिए आया सवा लाख रुपये का चंदा एक ऐसे युवक की परेशानी दूर करने के लिए दे दिया, जिसकी जेब से महज 21 हजार रुपये चोरी हुए थे। राजनीति में पार्टी फंड का अपना महत्व है, लेकिन किसी जरूरतमंद की परेशानी को उससे बड़ा समझना भी कोई छोटी बात नहीं है।
दूसरी घटना कुछ देर बाद फिर हुई। उस सभागार में एक बुजुर्ग भी आए थे। बेहद साधारण कपड़ों में। इसी बीच मनोज चौधरी नामक एक पूर्व विधायक ने अखिलेश यादव को पश्मीना का एक शॉल उपहार में देने की कोशिश की। अखिलेश ने आभार व्यक्त किया, लेकिन यह भी कह दिया कि आपके इस उपहार के लिए मैं आपका ऋणी हूं, लेकिन अगर आपको बुरा न लगे तो यह शॉल मैं इन बुजुर्गवार को देना चाहता हूं।
यह कहते हुए अखिलेश यादव उस बुजुर्ग की ओर बढ़े और पश्मीना का शॉल उन्हें ओढ़ा दिया।
अब देखिए, एक तरफ सवा लाख रुपये का चंदा पार्टी के खाते में जाने के बजाय जेब कटे युवक को दिलवा दिया और दूसरी तरफ खुद को भेंट किया गया पश्मीना का शॉल किसी साधारण कपड़े पहने बुजुर्ग के कंधे पर डाल दिया।
दरअसल, राजनीति में बड़े दिल की बातें तो बहुत होती हैं। गरीब, कमजोर और जरूरतमंद के सम्मान की बातें भी खूब होती हैं। लेकिन जब मौका सामने आता है तो अक्सर लोग अपनी सुविधा, अपना लाभ और अपनी हैसियत पहले देखते हैं। अखिलेश यादव ने धनतेरस के दिन इन दोनों प्रसंगों में अपने लिए आए सहयोग और उपहार को दूसरे की जरूरत और सम्मान से जोड़ दिया।
यह जरूरी नहीं कि अखिलेश यादव के हर राजनीतिक फैसले से सहमति हो। उनके राजनीतिक आकलन में भी कमियां हो सकती हैं। लेकिन किसी व्यक्ति के व्यक्तित्व का मूल्यांकन करते समय उसके भीतर मौजूद इंसानियत को भी देखना चाहिए।
नेता होना अलग बात है, लोकप्रिय होना अलग और बड़ा इंसान होना अलग। किसी की जेब कटने पर उसकी तकलीफ को अपनी पार्टी के चंदे से बड़ा समझना और अपने हिस्से आए उपहार को किसी बुजुर्ग के सम्मान के लिए समर्पित कर देना, यह संवेदनशीलता ही तो है।
अखिलेश यादव की इन दो छोटी-छोटी घटनाओं में उनके व्यक्तित्व का एक बड़ा पक्ष दिखाई देता है। बाकी राजनीति अपनी जगह है, लेकिन इंसानियत के आगे सब कुछ छोटा ही होता है।
यह पोस्ट वरिष्ठ पत्रकार कुमार सौवीर भईया के वाल से।@