
पंचकूला केंद्रीय सहकारी बैंक की 31वीं वार्षिक आम सभा आयोजित
सभी 12 शाखाओं में शीघ्र शुरू होगी आधार आधारित भुगतान प्रणाली (AePS) की सुविधा
बैंक सकल एनपीए (NPA) को 4 प्रतिशत से घटाकर 3.92 प्रतिशत
वित्त वर्ष 2026-27 में 1.00 करोड़ रूपए का शुद्ध लाभ अर्जित करने का लक्ष्य निर्धारित
पंचकूला, 29 सितंबर। पंचकूला के अतिरिक्त उपायुक्त श्री विवेक आर्य ने कहा कि शीघ्र ही पंचकूला केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की सभी 12 शाखाओं में आधार आधारित भुगतान प्रणाली (AePS) की सुविधा माइक्रो एटीएम के माध्यम से उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा, बैंक की शाखाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा तथा कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर बैंक द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
श्री विवेक आर्य आज पंचकूला केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की 31वीं वार्षिक आम सभा (AGM) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक का आयोजन बैंक के प्रधान कार्यालय, सेक्टर-2, पंचकूला में किया गया। बैठक का सफल संचालन बैंक के महाप्रबंधक श्री यशवीर सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री विनोद कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक तथा श्री विजेंद्र, निरीक्षक, सहकारी समितियां, पंचकूला भी उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए श्री विवेक आर्य, आईएएस, ने बताया कि बैंक की सभी 12 शाखाओं में माइक्रो एटीएम की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके माध्यम से किसी भी बैंक का ग्राहक अपने खाते से राशि की निकासी कर सकता है। उन्होंने बताया कि बैंक द्वारा व्यक्तिगत ऋण, वाहन ऋण, गृह निर्माण ऋण, डेयरी ऋण, संयुक्त देयता समूह ऋण, शिक्षा ऋण तथा कैश क्रेडिट लिमिट सहित विभिन्न ऋण सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
बैठक में बैंक के महाप्रबंधक श्री यशवीर सिंह ने वित्त वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि बैंक की कुल जमा राशि 31 मार्च 2025 को ₹325.14 करोड़ थी, जो बढ़कर 31 मार्च 2026 को ₹345.14 करोड़ हो गई है।वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक का कुल बकाया ऋण ₹345.38 करोड़ रहा, जबकि बैंक की कार्यशील पूंजी ₹516.09 करोड़ रही। बैंक की बेहतर कार्यप्रणाली के चलते ऑडिट ग्रेड में भी सुधार हुआ है। पिछले वर्ष के ‘B’ ग्रेड की तुलना में इस वर्ष बैंक को ‘B+’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार, परिसंपत्तियों की गुणवत्ता में सुधार करते हुए बैंक सकल एनपीए (NPA) को 4 प्रतिशत से घटाकर 3.92 प्रतिशत पर लाने में सफल रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बैंक ने ₹64.84 लाख का शुद्ध लाभ अर्जित किया।
*PACS के माध्यम से ग्रामीण विकास, सुरक्षा और डिजिटल क्रांति*
बैठक में पंचकूला जिले में प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (PACS) के माध्यम से दी जा रही सेवाओं की प्रगति की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि PACS के माध्यम से किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
*किसान क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए दुर्घटना बीमा*
किसानों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए PACS के माध्यम से KCC धारकों को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना (PAIS) के तहत विशेष सुरक्षा प्रदान की जा रही है। इसके अंतर्गत मात्र 2.40 रूपए प्रति व्यक्ति के अंशदान पर 50,000 रूपए तक का बीमा कवर दिया जा रहा है। इसमें किसान क्रेडिट कार्ड धारक को केवल 0.80 रूपए का अंशदान देना होगा, जबकि शेष 1.60 रूपए का अंशदान बैंक द्वारा वहन किया जाएगा।
जिले की सहकारी संस्थाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में बताया गया कि पंचकूला जिले की 11 PACS में से 10 PACS पूरी तरह कंप्यूटरीकृत हो चुकी हैं। PACS अब ग्रामीण क्षेत्रों में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के रूप में भी कार्य कर रही हैं, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न डिजिटल सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। साथ ही, किसानों के लिए खाद एवं उर्वरक वितरण का कार्य भी PACS के माध्यम से सुचारू रूप से किया जा रहा है।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक श्री विनोद कुमार ने बैंक द्वारा ग्राहकों को उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न ऋण सुविधाओं पर चर्चा की तथा बैंक के लाभ में वृद्धि के संबंध में सुझाव दिए। बैंक के महाप्रबंधक श्री यशवीर सिंह ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में 1.00 करोड़ रूपए का शुद्ध लाभ अर्जित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभा के अंत में बैंक के महाप्रबंधक श्री यशवीर सिंह ने सभी सम्मानित शेयरधारकों एवं PACS प्रतिनिधियों का धन्यवाद किया।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia