बहन को कॉल कर कहा- वापस नहीं आऊंगीः यमुनानगर की नहर में मिला छात्रा का शव; बर्थडे पार्टी में जाने की कहकर निकली थी
यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर में 16 वर्षीय छात्रा का शव मिला है। यूपी के सहारनपुर की रहने वाली जिया 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। वह 23 सितंबर को घर पर बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर अकेली निकली थी। बाद में उसने किसी अनजान नंबर से अपनी बहन को फोन किया और कहा- मैं हमेशा के लिए जा रही हूं, अब वापस नहीं आऊंगी। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। रविवार को उसका शव यमुनानगर के जठलाना थाना क्षेत्र में धनौरा पुल के पास पश्चिमी यमुना नहर में मिला। सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।