
महाराजपुर में चेन लूटकांड का हुआ खुलासा, एक गिरफ्तार ।
कानपुर नगर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित देहाती हवेली ढाबे के संचालक से सोने की चेन और रुद्राक्ष की माला झपटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गोलू यादव (19) निवासी गौरिया, थाना महाराजपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में उसके दो अन्य साथी अमन यादव और ऋषभ पाल भी शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक अलाउल खेड़ा डोमनपुर निवासी भानुप्रताप सिंह ने 10 अक्टूबर को महाराजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि एक युवक पानी लेने के बहाने उनके ढाबे पर आया और मौका पाकर उनके गले से करीब 40 ग्राम की सोने की चेन और रुद्राक्ष की माला झपटकर फरार हो गया। माला में सोने की 16 छोटी गुरिया लगी थीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
*मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी*
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गोलू यादव को नवोदय विद्यालय के पास रसोले की ओर जाने वाले मार्ग पर रात करीब 11:30 बजे मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई। घटना के दौरान मोटरसाइकिल गोलू चला रहा था।
*10 गुरिया बेचकर मिले थे 23 हजार रुपये*
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि छीनी गई रुद्राक्ष की माला में लगी 10 सोने की गुरिया उसे उसके साथियों ने बेचने के लिए दी थीं। उसने इन्हें एक राहगीर को 23 हजार रुपये में बेच दिया था। इसमें से 2,200 रुपये खर्च करने के बाद बाकी रकम लेकर वह अपने साथियों का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, सोने की चेन बेचकर रकम आपस में बांटने की भी योजना थी।
*पहले भी दर्ज हैं मुकदमे*
,गिरफ्तार गोलू यादव के खिलाफ चकेरी और नवाबगंज थानों में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और शेष सामान की बरामदगी को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
*इनकी रही गिरफ्तारी में भूमिका*
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जनार्दन सिंह, उपनिरीक्षक पुष्पराज सिंह, उपनिरीक्षक अतुल सिंह, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार नागर सहित थाना महाराजपुर की पुलिस टीम शामिल रही।
#uppolice #kanpur #update #crime