
गोपासरिया में ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर हंगामा, बिजली विभाग व किसानों में विवाद
ओसियां। गोपासरिया गांव में बिजली विभाग और किसानों के बीच ट्रांसफार्मर व बिजली लाइन को लेकर विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। बाद में विभाग की ओर से कुछ लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
जानकारी के अनुसार गांव में आंधी-तूफान से खराब हुए बिजली पोलों को ठीक करने के लिए बिजली विभाग की टीम पहुंची थी। इसी दौरान विभाग ने घरों के बीच लगे ट्रांसफार्मर को दूसरी जगह लगाने का काम शुरू किया। इस बात का कुछ किसानों ने विरोध किया और मौके पर बहस हो गई।
बिजली विभाग का कहना है कि कर्मचारी नियमानुसार काम कर रहे थे, लेकिन कुछ लोगों ने काम में रुकावट डाली। दूसरी ओर किसानों का कहना है कि गांव में कई दिनों से बिजली व्यवस्था ठीक नहीं है, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है।
थानाधिकारी के अनुसार विभाग के कनिष्ठ अभियंता की रिपोर्ट पर कुछ लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इधर विधायक भैराराम सियोल ने अधिकारियों से मामले की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। वहीं पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा ने किसानों के पक्ष में आवाज उठाते हुए उनकी समस्याओं के समाधान की मांग की है।