
अंबाला सिलेंडर ब्लास्ट का दर्दनाक अंत: आठ दिन बाद युवक ने तोड़ा दम, अमेठी गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम, मातम में डूबा परिवार
अमेठी। हरियाणा के अंबाला में सिलेंडर विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसे अमेठी के भेटुआ क्षेत्र के युवक की आठ दिन तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार सुबह जैसे ही उसका शव पैतृक गांव पहुंचा, पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार और बिलखते परिजनों को देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
भेटुआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत भरेथा के देवरहा गांव निवासी 22 वर्षीय सत्यम यादव अंबाला की एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। वह कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए कमरे में गांव के दो साथियों और एक रिश्तेदार के साथ रहते थे। बीती 29 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे खाना बनाते समय अचानक सिलेंडर में भीषण विस्फोट हो गया, जिससे कमरे में मौजूद चारों युवक गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती कराया गया। आठ दिनों तक चले इलाज के बावजूद बुधवार को सत्यम ने दम तोड़ दिया।
गुरुवार सुबह करीब नौ बजे जब सत्यम का शव उनके पैतृक गांव देवरहा पहुंचा तो पूरे गांव में मातम छा गया। अंतिम दर्शन के दौरान मां सुशीला यादव बेटे का शव देखते ही बिलख पड़ीं, जबकि पिता जंग बहादुर यादव गहरे सदमे में बेसुध हो गए। परिजनों के विलाप से माहौल बेहद गमगीन हो उठा।
इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव को श्रृंगवेरपुर ले जाया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
सत्यम परिवार के इकलौते बेटे थे। उनकी 25 वर्षीय अविवाहित बहन स्वाति हैं। परिवार की उम्मीदों का सहारा रहे बेटे की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर है और बड़ी संख्या में लोग शोक संवेदना व्यक्त करने उनके घर पहुंच रहे हैं।
#Amethi #CylinderBlast #Ambala #BreakingNews #Bhetua #AmethiNews #RIPSatyam #KhabarPublic
Amethi, Amethi | Aug 6, 2026