पुलिस के 1600 पदों पर जल्द भर्ती, थानों का बजट होगा दोगुना
देहरादून। बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस कल्याण के लिए आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने प्रदेश पुलिस विभाग में रिक्त पड़े 1600 पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और थानों का वार्षिक बजट चार करोड़ से बढ़ाकर आठ करोड़ रुपये करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने देहरादून में पुलिसकर्मियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल, पुलिस मॉडर्न स्कूलों के उन्नयन और देहरादून पुलिस अस्पताल को उच्चीकृत करने की भी घोषणा की। इसके अलावा विवेचना अधिकारियों को आधुनिक जांच किट उपलब्ध कराने, पुलिसकर्मियों के लिए बहुमंजिला बैरक बनाने और थानों-चौकियों में उपलब्ध बल की समीक्षा कर तैनाती करने की बात कही। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ड्यूटी के दौरान शहीद हुए एसआई विनोद कुमार, इंटेलिजेंस इंस्पेक्टर मनोज मनराल और हेड कांस्टेबल आईआरबी तारा सिंह को श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिजनों को सम्मानित किया।
#UttarakhandPolice #PoliceRecruitment #PushkarSinghDhami #उत्तराखंडसमाचार #पुलिसभर्ती #PoliceSmritiDiwas