#भरतपुर। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सेवर थाना पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने लुधावई टोल प्लाजा पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक महिंद्रा बोलेरो कैंपर गाड़ी से 62 ग्राम अफीम और 106 ग्राम डोडा चूरा जब्त किया है। इसके साथ ही मादक पदार्थों की बिक्री के 16,695 रुपये भी बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस ने आरोपी दिनेश कुमार पुत्र बाबूलाल जाति विश्नोई उम्र 24 साल निवासी मण्डो की बेरी भूणिया थाना धनउ जिला बाडमेर व राहुल पुत्र सोहनलाल जाति विश्नोई उम्र 21 साल निवासी चिमडावास थाना चितलवाना जिला जालौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही गाड़ी को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ सेवर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और उनके पूरे नेटवर्क को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।