
मां भद्रकाली दरबार में लगा छप्पन भोग, भक्तिमय माहौल में माता के जयकारों से गूंजा क्षेत्र
गंगापुर सिटी। शरद नवरात्रि के पावन अवसर पर शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को सप्तमी के शुभ दिन लाटा हाउस गली स्थित मां भद्रकाली दरबार के दरबार में मां काली माता को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और मां के जयकारों से दरबार गूंज उठा।
मां कालिका की अनन्य भक्त रेखा द्वारा दरबार में की जा रही कठिन साधना श्रद्धालुओं के बीच विशेष चर्चा का विषय बनी हुई है। भक्तों के अनुसार, रेखा लोहे की कीलों पर बैठकर साधना कर रही हैं। उनकी इस साधना को देखने और मां के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
इस संबंध में मां कालिका के भक्त अजय गोयल ने बताया कि शरद नवरात्रि में सप्तमी का दिन मां काली माता की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इसी धार्मिक आस्था और श्रद्धा के चलते माता रानी को छप्पन भोग अर्पित किया गया। उन्होंने बताया कि भक्त रेखा पिछले 41 दिनों से उपवास रखकर माता की आराधना एवं साधना कर रही हैं।
छप्पन भोग के आयोजन में मां के विभिन्न स्वरूपों के प्रति श्रद्धा और भक्ति का भाव दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने माता रानी के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और सभी के कल्याण की प्रार्थना की। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर मां कालिका का दरबार आस्था, भक्ति और श्रद्धा का केंद्र बना रहा।