
18 जून से लापता नाबालिग को जुब्बल पुलिस ने चिरगांव से सकुशल किया बरामद, परिजनों को सौंपा
शिमला -
शिमला जिला के जुब्बल क्षेत्र से लापता हुए एक नाबालिग बालक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल ढूंढ निकाला है। पुलिस थाना जुब्बल में 20 जून 2026 को बालक के लापता होने संबंधी शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इस संबंध में अभियोग संख्या 26/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बालक 18 जून 2026 से लापता था।
शिकायत मिलते ही जुब्बल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोज अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश की, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। लगातार प्रयासों और तकनीकी जांच के बाद पुलिस को सफलता मिली और नाबालिग बालक को चिरगांव बाजार क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
जिला पुलिस शिमला ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी बच्चे के गुम होने अथवा किसी संदिग्ध परिस्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Dharmpur, Mandi | Jun 22, 2026