
माता-पिता और भाई की मौत के बाद बेसहारा पांच बहनों तक पहुंची प्रशासन की टीम
#देवरिया। भागलपुर विकासखंड के इशारु गांव में माता-पिता और भाई की मौत के बाद कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रही पांच बहनों की मदद के लिए प्रशासन आगे आया है। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, महिला एवं बाल कल्याण समिति, वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने गांव पहुंचकर परिवार की स्थिति की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार परिवार में चार नाबालिग और एक बालिग बालिका है। पिता की करीब पांच वर्ष पहले बीमारी से मौत हो गई थी, जबकि भाई की करीब तीन वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। परिवार की एकमात्र सहारा मां थीं, जिनकी करीब 10 दिन पहले मौत हो गई। इसके बाद पांचों बहनें बेसहारा हो गईं।
बालिकाओं में पुष्पा (21) कक्षा 10, दुर्गा (16) कक्षा 8, देववंती (14) कक्षा 8, आशु (12) कक्षा 8 और राधिका (10) कक्षा 6 में पढ़ रही हैं।
प्रशासनिक टीम ने बालिकाओं की काउंसलिंग कर उनकी पारिवारिक और आर्थिक स्थिति की जानकारी ली। उनकी पढ़ाई जारी रखने के लिए पात्र नाबालिग बालिकाओं का कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में नामांकन कराने का प्रस्ताव भी रखा गया।
प्रशासन की ओर से दो योजनाओं से तत्काल लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। दो बालिकाओं को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) से जोड़ने के साथ सभी बालिकाओं के आयुष्मान कार्ड बनवाने और परिवार को पारिवारिक लाभ योजना से जोड़ने की कार्रवाई की गई है। शेष पात्र बालिकाओं को भी अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया जारी है।
अधिकारियों ने बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और संरक्षण का भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी पात्रता के अनुसार शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। मामले की लगातार निगरानी करते हुए बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, संरक्षण और पुनर्वास को प्राथमिकता दी जाएगी।
#deorianews
Barhaj, Deoria | Aug 22, 2026