
*सुरसंड में 165 लीटर नेपाली शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार*
सुरसंड में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। ताजा मामले में, पुलिस ने अमाना गांव के देवी स्थान के पास से भारी मात्रा में नेपाली सोफी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि आरोपी पहले भी शराब तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। पुलिस ने मौके से 165 लीटर नेपाली सोफी शराब के साथ ई रिक्शा जब्त की और शराब ले जा रहे वाहन के चालक को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरसंड थाना क्षेत्र के देवनाथपट्टी गांव निवासी राम विजय राय के पुत्र दीनबंधु कुमार के रूप में हुई है। सुरसंड थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर लाल किशोर गुप्ता ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार तस्कर दीनबंधु पूर्व में भी शराब तस्करी के एक मामले में ऑटो के साथ पकड़ा जा चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद वह दोबारा इसी अवैध धंधे में सक्रिय हो गया था। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।