
चूरू। भादी अमावस्या के अवसर पर शहर की सब्जी मंडी स्थित मरदा महा शक्ति मंदिर में शुक्रवार देर शाम भारत विकास परिषद की महिला इकाई की ओर से भव्य भजन-कीर्तन एवं आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिव्य क्लब चूरू और वुमेन्स वेलफेयर सोसाइटी चूरू की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद महिलाओं ने एक से बढ़कर एक संगीतमय भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की भक्तिमय धुनों से मंदिर परिसर गूंज उठा और श्रद्धालु महिलाएं भक्ति में भाव-विभोर होकर झूमने लगीं। इसके बाद सभी महिलाओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया तथा आरती में भाग लेकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर मंदिर के ट्रस्टी मरदा परिवार की सुगंध मरदा को भारत विकास परिषद की महिला इकाई की ओर से दुपट्टा पहनाकर एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, मरदा परिवार की ओर से भी कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ललिता टावरी, प्रीति एवं प्रवीण ने सहयोग किया। इस दौरान मंजू पारीक, रेणु अग्रवाल, मधु गौड़, माया जोशी, वीनिता शर्मा, रमा नोवाल और सुषमा शर्मा सहित भारत विकास परिषद, दिव्य क्लब एवं वुमेन्स वेलफेयर सोसाइटी की अनेक महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम संयोजिका शशी चंदेल ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
Churu, Churu | Sep 12, 2026