
ओसियाँ में बड़ा हादसा टला: स्टेट हाईवे-61 पर तेल टैंकर से पीछे से टकराई स्विफ्ट कार, स्पीड ब्रेकर की मांग फिर उठी
ओसियाँ कस्बे के अंतरराष्ट्रीय अतिथि गृह के समीप जोधपुर–ओसियाँ स्टेट हाईवे-61 पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। यहां एक मारुति स्विफ्ट कार आगे चल रहे तेल के टैंकर के पीछे से टकरा गई। हादसे में कार सवार को हल्की चोटें आईं, जबकि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायल को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय अतिथि गृह तिराहे पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। हाईवे पर तेज गति से गुजरने वाले वाहनों के कारण यह चौराहा लगातार दुर्घटना संभावित बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि तिराहे पर शीघ्र प्रभाव से स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक तथा आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और आमजन व पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
Osian, Jodhpur | Jul 25, 2026