
नागरिकों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने हेतु ‘HARSH’ पोर्टल प्रारंभ
राज्य शासन द्वारा नागरिकों की व्यक्तिगत सामाजिक एवं आर्थिक आवश्यकताओं का सटीक आकलन करने तथा उन्हें उनकी पात्रता अनुसार शासकीय योजनाओं से सीधे जोड़ने हेतु 'HARSH' (Holistic Assessment of Requirements & Support Hub) पोर्टल (https://www.harsh.mp.gov.in/) का शुभारंभ किया गया है।
यह पोर्टल डेटा आधारित विश्लेषण के माध्यम से पात्र नागरिकों की पहचान कर उन्हें रोजगार, कौशल विकास और शिक्षा से जुड़ी उपयुक्त योजनाओं का सुझाव देने के लिए एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा। पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
पोर्टल के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समस्त जनसेवा केन्द्रों, ग्राम पंचायतों एवं वार्ड कार्यालयों में इसकी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि नागरिक अपनी समग्र आईडी (Samagra ID) के माध्यम से पंजीकरण (https://www.harsh.mp.gov.in/User/newregistration) कर सकें।
पंजीकरण प्रक्रिया में सहायता के लिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मैदानी अमला, जिसमें सचिव, जीआरएस एवं वार्ड प्रभारी शामिल हैं, पात्र नागरिकों को पोर्टल पर प्रोफाइल बनाने तथा मोबाइल नंबर सत्यापन (OTP) की प्रक्रिया में मार्गदर्शन प्रदान करें।
जिला स्तर पर कार्यरत विभिन्न विभागों के अधिकारियों से अनुरोध किया गया है कि वे पोर्टल से प्राप्त डेटा का विश्लेषण कर योजनाओं के लक्षित वितरण में इसका उपयोग सुनिश्चित करें।
पोर्टल पर जिलेवार हो रहे पंजीकरण की साप्ताहिक समीक्षा के लिए जिला ई-गवर्नेंस मैनेजर को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की है कि वे “HARSH” पोर्टल के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक पारदर्शी एवं सुगम तरीके से पहुँच सके।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner #jhabua #JansamparkMP