
मल्लावां में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, छह अस्पताल सीज, दो को नोटिस
हरदोई। मल्लावां क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध एवं मानकविहीन अस्पतालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए छह अस्पतालों को सीज कर दिया, जबकि दो अस्पतालों को नोटिस जारी किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र के निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अभियान के दौरान शांति पॉली क्लीनिक, सिटी हॉस्पिटल, मल्लावां सिटी हॉस्पिटल, नई लाइफ हॉस्पिटल, सूर्या हॉस्पिटल तथा नटराज हॉस्पिटल को सीज कर दिया।
वहीं, बेबी चिल्ड्रन हॉस्पिटल में निरीक्षण के दौरान चिकित्सक के उपस्थित न मिलने पर नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा तुलसी हॉस्पिटल का लाइसेंस नवीनीकरण न होने के कारण भी उसे नोटिस दिया गया है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में राघौपुर क्षेत्र में एक मरीज की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों की जांच और कार्रवाई का अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में अस्पतालों का निरीक्षण कर मानकों का पालन न करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जनपद में अवैध रूप से संचालित एवं मानकों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का पालन न करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Bilgram, Hardoi | Jul 13, 2026