
मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश ,
तीन आरोपी गिरफ्तार,
एक नाबालिग निरुद्ध
बीकानेर। नोखा थाना क्षेत्र के मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले अंतर जिला गिरोह का नोखा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को ट्रेस कर एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। यह गिरोह मात्र 20 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था।
थानाधिकारी गोविंद सिंह ने बताया कि एक अगस्त को भामटसर गांव में लगे टावर पर रात करीब दो बजे चोरी का अलार्म कंपनी को मिला। इस पर एयरटेल कंपनी के अधिकारी भरत सिंह ने नोखा थाने में मामला दर्ज करवाया। अधिकारी ने पुलिस और अपने तकनीशियन को सूचना देकर मौके पर भेजा। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बिना नंबरी कैंपर गाड़ी में सवार चोर गिरोह के सदस्य टावर से बैटरियां चुरा ले गए। इससे पहले भी यही गिरोह यहां से 20 बैटरियां चोरी कर ले गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआई गोविंद सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में एएसआई ताराचंद, कांस्टेबल जयप्रकाश और पुखराज शामिल रहे। पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरोह के सदस्यों प्रहलाद सिंह, सांग सिंह, कैलाश मेघवाल और जीतेंद्र मेघवाल को ट्रेस किया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह द्वारा बीकानेर, नागौर, जोधपुर सहित अन्य जिलों में भी टावरों से बैटरी चोरी की वारदातें की गई हैं। पुलिस ने गिरोह के एक नाबालिग सदस्य को निरुद्ध किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरोह सुनसान जगहों पर लगे टावरों को निशाना बनाता था और अलार्म बजने से पहले ही बैटरियां निकालकर फरार हो जाता था।