
भाजपा जिलाध्यक्ष से मिले जसपाल सिंह गोहनिया, पालिका प्रकरण में एफआईआर का मुद्दा उठाया
पलिया कलां-खीरी। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष, पूर्व युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष एवं पूर्व सभासद जसपाल सिंह गोहनिया ने भाजपा लखीमपुर खीरी जिलाध्यक्ष अरविन्द गुप्ता से मुलाकात कर नगर पालिका परिषद पलिया कलां से जुड़े प्रकरण और अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर का मुद्दा उठाया।
गोहनिया ने पालिका चेयरमैन के कार्यकाल से संबंधित कथित वित्तीय अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार को लेकर पूर्व में की गई शिकायतों की जानकारी जिलाध्यक्ष को दी। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बाद उनके खिलाफ समाजवादी पार्टी का सदस्य होने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई। गोहनिया ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में शिकायत करना नागरिक का अधिकार है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इसी प्रकरण में शहर के पत्रकार दिव्यांशु पांडेय के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज होने की बात सामने आई है। मुकदमे की जानकारी के बाद स्थानीय पत्रकारों में रोष है। पत्रकारों ने मामले की निष्पक्ष जांच तथा तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा जिलाध्यक्ष से हुई मुलाकात के बाद पालिका प्रकरण और एफआईआर को लेकर राजनीतिक एवं पत्रकारिता जगत में चर्चा तेज हो गई है। एफआईआर में लगाए गए आरोपों और पूर्व में की गई शिकायतों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। #paliakalankheri #followers #highlights