
*तीन दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर में स्वयंसेवकों को किया जा रहा प्रशिक्षित*
हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एचपीएसडीएमए) के तत्वावधान में ग्राम पंचायत घीड़ी, रोहांडा, पौड़ा कोठी, डोलधर तथा फंगवास के जनप्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवकों के लिए तीन दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें आपदा की स्थिति में प्रभावी बचाव एवं राहत कार्यों के लिए तैयार करना है। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को आपदा की परिभाषा, आपदाओं के कारण, उनके प्रभाव तथा उनसे बचाव एवं सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से अवगत कराया जा रहा है।
इसके अलावा प्रतिभागियों को पंचायत स्तर पर आपदा जोखिम मानचित्र (पंचायत डिजास्टर मैप) तैयार करने, आपदा संभावित क्षेत्रों की पहचान करने, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव कार्य तथा घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। आपातकालीन परिस्थितियों में सामुदायिक सहभागिता की भूमिका पर भी विशेष बल दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर में मास्टर ट्रेनर दिले राम द्वारा आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी जा रही है। साथ ही व्यवहारिक अभ्यास के माध्यम से स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे आपदा के समय अपने क्षेत्र में प्रभावी भूमिका निभाते हुए लोगों की सहायता कर सकें।
Dharmpur, Mandi | Jun 22, 2026