
पश्चिम चम्पारण जिले में पराली जलाने वाले किसानों पर सख्त कार्रवाई होगी। अगर पराली जलाते वे पाए जाते हैं, तो तीन वर्षों के लिए उन्हें ब्लैकलिस्टेड कर दिया जाएगा। जिला कृषि पदाधिकारी सरफराज असगर ने बताया कि उनका किसान पंजीयन रद्द किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त कृषि सहित अन्य विभागों की विभिन्न सरकारी अनुदान योजनाओं के लाभ से भी उन्हें वंचित होना पड़ सकता है। पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सैटेलाइट के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के अधिकांश प्रखंडों में धान की कटाई का कार्य जारी है। ऐसे में फसल अवशेष (पराली) का उचित प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने तथा मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा के
लिए अत्यंत आवश्यक है। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा किसानों को पराली नहीं जलाने तथा इसके समुचित प्रबंधन के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। कृषि विभाग के कृषि कर्मियों के माध्यम से किसान पाठशाला, किसान गोष्ठी, किसान चैपाल, बैठकों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के वैकल्पिक उपायों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, पराली जलाने की रोकथाम के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। डीएओ ने बताया कि पराली जलाने से खेतों की मिट्टी की उर्वरा शक्ति एवं गुणवत्ता प्रभावित होती है, जिससे फसलों के उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ता है। इसके कारण वायु प्रदूषण बढ़ता है तथा ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन होता है, जो जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय असंतुलन को बढ़ावा देता है