
छतरपुर शहर की थाना कोतवाली पुलिस ने म्यूल बैंक अकाउंट के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश — म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाला आरोपी, कियोस्क संचालक सहित 3 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार
20 बैंक पासबुक, 23 एटीएम कार्ड और 104 सिम कार्ड बरामद- विभिन्न राज्यों में दर्ज करीब 35 करोड़ के साइबर धोखाधड़ी के मामलों से जुड़े मिले बैंक अकाउंट
तमिलनाडु में 37.80 लाख रुपये की साइबर ठगी के प्रकरण में आरोपी का बैंक अकाउंट लिंक
अभियुक्त सलमान राइन साइबर वित्तीय धोखाधड़ी, अवैध वसूली मारपीट जैसे 8 अपराधों में लिप्त
छतरपुर एसपी श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आरोपियों की धरपकड़ हेतु छतरपुर पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने म्यूल बैंक अकाउंट के माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी की राशि का ट्रांजैक्शन कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले आरोपी, कियोस्क संचालक सहित 3 अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सिटी थाना कोतवाली पुलिस को राजनगर रोड फोरलेन ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति द्वारा म्यूल बैंक अकाउंट, जिनका उपयोग ऑनलाइन धोखाधड़ी की राशि के ट्रांजैक्शन में किया जाता है, उपलब्ध कराने संबंधी सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर संदेह के आधार पर आरोपी के बैग की विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 20 विभिन्न बैंकों की बैंक पासबुक, विभिन्न बैंकों के 23 एटीएम कार्ड, विभिन्न कंपनियों की 104 सिम कार्ड एवं 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद सामग्री एवं संबंधित पोर्टल की जांच करने पर कई बैंक अकाउंट, एटीएम कार्ड, मोबाइल सिम एवं मोबाइल फोन विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों से जुड़े पाए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा एकत्र किए गए बैंक अकाउंट एवं सिम कार्ड का संबंध बिहार, दिल्ली, राजस्थान, कर्नाटक, गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल एवं पंजाब सहित विभिन्न राज्यों में करीब 35 करोड़ के दर्ज साइबर प्रकरणों से पाया गया है।
जांच के दौरान तमिलनाडु राज्य की एक महिला के साथ लगभग 37 लाख 80 हजार रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी के प्रकरण में भी आरोपी सलमान राइन का बैंक अकाउंट लिप्त पाया गया। धोखाधड़ी की राशि का एक हिस्सा आरोपी के बैंक अकाउंट में ट्रांजैक्शन हुआ था। आरोपी सलमान राइन थाना सिविल लाइन, छतरपुर में दर्ज वित्तीय धोखाधड़ी के एक प्रकरण में पूर्व से फरार था, जिसे थाना कोतवाली पुलिस द्वारा विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. सलमान राइन, पिता मोहम्मद निसार, निवासी बड़ी कुंजरहटी, छतरपुर — म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने/विक्रय करने वाला आरोपी।
2. उज्जवल अग्रवाल, पिता हरिओम अग्रवाल, निवासी पैराडाइज कॉलोनी, छतरपुर — कियोस्क संचालक।
3. राहुल पांडेय, पिता दुलीचंद्र पांडेय, निवासी छत्रसाल नगर, छतरपुर।
फरार आरोपी
4. अन्य
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों द्वारा लोगों को प्रलोभन देकर उनके बैंक खाते एकत्र किए जाते थे तथा इन म्यूल बैंक खातों में फर्जी सिम उपलब्ध कराकर साइबर ठगी की राशि का ट्रांजैक्शन कराया जाता था। पुलिस द्वारा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं लेन-देन की जानकारी भी एकत्र की जा रही है। उक्त चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता के तहत धोखाधड़ी संबंधी अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश एवं विवेचना जारी है।
उक्त कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह, साइबर प्रभारी उप निरीक्षक नेहा सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक कुलदीप सिंह जादौन, आरक्षक कपेंद्र घोष, संदीप, नरेश एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
#chhatarpur