
स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, चूरू विधायक हरलाल सहारण, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, सीईओ श्वेता कोचर सहित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने की शिरकत, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में लगाई प्रदर्शनी का किया अवलोकन*
देशभक्ति और लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का हुआ सम्मान, राठौड़ ने कहा — भारतीय संस्कृति, विरासत को सहेजने और मातृभूमि के प्रति रहें कृतज्ञ
चूरू, 14 अगस्त। जिला प्रशासन द्वारा स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित मातुश्री कमला गोयनका टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, चूरू विधायक हरलाल सहारण, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, सीईओ श्वेता कोचर, बसंत शर्मा, वासुदेव चावला सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने शिरकत की। इस अवसर पर अतिथियों ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में देशभक्ति और लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समां बांधा और दर्शकों को अभिभूत किया।
इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि हमें आजादी बड़ी कुर्बानियों के बाद मिली है। महात्मा गांधी के नेतृत्व में स्वतंत्रता संग्राम के बाद हमें खुली हवा ने सांस लेने की आजादी मिली। हमारे वीरों ने स्वराज्य के अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा कि 'अनेकता में एकता' की अवधारणा के साथ सम्पूर्ण भारतवर्ष में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल कायम है। स्वाधीनता दिवस हमारे देश के वीर जवानों का हमें दी हुई अनमोल विरासत है।
उन्होंने विभाजन की स्मृतियों को लेकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि विभाजन विभीषिका अखंड भारत के इतिहास का काला अध्याय है। धर्म और संप्रदाय के नाम पर हुए विभाजन में उस समय 1.5 करोड़ से अधिक लोग विस्थापित हुए और अपने घर - परिवार को खोया। विभाजन की त्रासदी को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
राठौड़ ने कहा कि हम भारतीय संस्कृति, विरासत को सहेजने और मातृभूमि के प्रति कृतज्ञ रहें तथा देश की एकता, अखंडता और अक्षुण्णता को बनाएं रखें। हम भाईचारे और एकत्व को बरकरार रखते हुए सांप्रदायिक सौहार्द्र और समरसता के संदेश के साथ एक सक्षम राष्ट्र में अपनी भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा कोड चूरू जैसे नवाचारी कार्यक्रमों के माध्यम से तकनीकी शिक्षा व आत्मविश्वास को सुदृढ़ करते हुए युवा पीढ़ी को भविष्य के लिए तैयार करना सराहनीय है।
चूरू विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि हमारा देश अपनी विविधताओं और संस्कृति से सम्पूर्ण विश्व में अलग पहचान रखता है। हमारा कर्तव्य है कि हम भावी पीढ़ी को लोकरंग से भरपूर हमारी संस्कृति की विरासत दें। उन्होंने कहा कि स्वाधीनता दिवस हमारे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दिन है। हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों के सर्वोच्च बलिदान से ही आज खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं।
जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि हमारा देश अपनी विविधताओं और संस्कृति से सम्पूर्ण विश्व में अलग पहचान रखता है। हमारा कर्तव्य है कि हम भावी पीढ़ी को लोकरंग से भरपूर हमारी संस्कृति की विरासत दें। हमें भाईचारे और एकत्व को बरकरार रखते हुए एक सक्षम राष्ट्र में अपनी भूमिका निभानी है।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अभिषेक सुराणा ने निर्वाचनों में शत - प्रतिशत मतदान करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम ने सभी सीबीईओ टीमों, श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी उमावि, सीजेआरएम पब्लिक स्कूल, राजकीय सर्वहितकारिणी बालिका उमावि (पुत्री पाठशाला), ग्लोबल इंग्लिश एकेडमी, लॉर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल, लिटिल फ्लॉवर स्कूल, आदर्श विद्या मंदिर, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने 'मां से है माटी, मां से है माथा, माथे पे माटी सजा के चले..., मेरा रंग दे बसंती चोला..., तिरंगे की शान रहे.., ये देश है वीर— जवानों का... सरीखे देशभक्ति गीतों पर लोकरंग और देशभक्ति से लबरेज सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसी के साथ विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में वीडियो फिल्म प्रदर्शित की गई तथा उपस्थितों ने राष्ट्रगीत का सामूहिक गान किया।
अतिथियों ने गत वर्ष जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा को ऑपरेशन सिंदूर के लिए सिविलियन श्रेणी में मिले सेना प्रमुख (सीओएएस) प्रशस्ति - पत्र पुरस्कार के लिए अभिनंदन किया। इसी के साथ अतिथियों ने कोड चूरू के विद्यार्थियों द्वारा निर्मित डिजीहैप वेबसाइट का लोकार्पण किया। सीईओ श्वेता कोचर, एसीईओ भागचंद खारिया, सीडीईओ संतोष महर्षि, पीआरओ सूर्यकान्त कुमावत, रामूराम बुंदेला, सरिता आत्रेय, सज्जन सिंह आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यार्थियों मयंक, लक्ष्मी, मोहित, आशीष, जाहिद, गौरव आदि ने डिजीहैप व एक पंचायत एक खेल की वेबसाइट तथा कोड चूरू कार्यक्रम की गतिविधियों के बारे में प्रस्तुतीकरण दिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
संचालन मुकुल भाटी और प्रमेंद्र शर्मा ने किया तथा जिया, ऋचा, तेजस्वी, चेतना और नुसरत ने सहयोग किया।
#tharkiawaazajay #HarGharTiranga #churu #15august #RajendraRathore Kunj Bihari Birmiwala BJP Churu Rajendra Rathore
Churu, Churu | Aug 14, 2026