
बिहार सरकार
समाहरणालय, अरवल
(जिला जनसंपर्क कार्यालय)
ई-मेल : arwaldpro@gmail.com
प्रेस विज्ञप्ति
अरवल, दिनांक : 11 जुलाई, 2026
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश
जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस की अध्यक्षता में राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री शैलेश कुमार अपर समाहर्ता, अरवल ,भूमि सुधार उप समाहर्ता, प्रभारी पदाधिकारी, राजस्व शाखा एवं जिले के सभी अंचल अधिकारी (सीओ) उपस्थित रहे।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा दाखिल-खारिज, जमाबंदी परिमार्जन, ऑनलाइन जमाबंदी, भूमि मापी, भू-विवादों के निष्पादन, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, सरकारी भूमि की सुरक्षा, राजस्व वसूली, लोक शिकायत निवारण, जनता दरबार से प्राप्त परिवादों के निष्पादन तथा अन्य राजस्व संबंधी लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व से संबंधित सभी आवेदनों एवं मामलों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को राजस्व सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए सभी पदाधिकारी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।
जिला पदाधिकारी ने सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखने, भूमि विवादों का त्वरित निष्पादन करने, लंबित दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने तथा राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा भूमि सुधार उपसमाहर्ता क्षेत्र के अंचलों की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों की सतत निगरानी करें तथा आवश्यकतानुसार अंचल अधिकारियों को मार्गदर्शन प्रदान करें।
बैठक के दौरान जिन अंचलों में राजस्व कार्यों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई, वहां संबंधित अंचल अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने एवं निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर राजस्व प्रशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुख बनाने पर विशेष बल दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राजस्व विभाग से संबंधित सभी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुंचे तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण, लंबित मामलों की सतत समीक्षा तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में राजस्व प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा आम जनता को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
:::
Arwal, Bihar | Jul 11, 2026