यूपी में नौकरी छोड़कर सिपाही सपा से विधायक बनने निकला:मंच से बोला- अखिलेश यादव को CM बनाइए
#गोरखपुर में डायल-112 में तैनात सिपाही श्याम सुंदर चौहान ड्यूटी छोड़कर समाजवादी पार्टी से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। वह एक साल तक सेटिंग बनाकर ड्यूटी से गायब रहा। उसकी हाजिरी बराबर लगती रही। 3 महीने पहले अफसरों को भनक लगी तो उसे सस्पेंड कर दिया गया। इसके बाद भी सिपाही पुलिस लाइन में हाजिर नहीं हुआ।कभी वह सपा के बड़े नेताओं के स्वागत का पोस्टर जारी करता है। मंच से अखिलेश यादव को सीएम बनाने की अपील करता है। लाल टोपी लगाए फोटो के साथ लिखता है- लाल टोपी पहनकर चलो, समाजवाद संग आगे बढ़ो।
करीब एक महीने पहले संतकबीर नगर के धनघटा में सपा की समीक्षा बैठक थी। तब सिपाही श्याम सुंदर ने कहा था- मैं अनुसूचित जाति, दलित जाति से हूं। अभी भाजपा के जितने दलित विधायक और सांसद हैं, वे दलितों का वोट लेकर आरक्षण खत्म करने वाले का साथ दे रहे हैं। अखिलेश यादव कह रहे हैं कि ये अंतिम चुनाव होगा। अगर हम और आप सभी नहीं चेते, तो चुनाव और संविधान खत्म हो जाएगा। साथ आइए और अखिलेश यादव को CM बनाइए.