
30 से अधिक CCTV कैमरों के विश्लेषण से खुला राज, आईसर वाहन सहित चोरी की टंकी जब्त
देवास। देवास पुलिस के ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत थाना बरोठा पुलिस ने किसान की चोरी हुई पानी की टंकी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए आईसर वाहन और चोरी गई प्लास्टो कंपनी की पानी की टंकी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई को अनर्थिया निवासी किसान सुनील पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ढाबे के बाहर पेयजल उपयोग के लिए रखी प्लास्टो कंपनी की पानी की टंकी अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास एक संदिग्ध आईसर वाहन दिखाई देने की जानकारी मिली।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध आईसर वाहन की पहचान कर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।
पूछताछ में आरोपियों अखलेश उर्फ निलेश पटेल (40), मोहन चौधरी (47) और सूरज चौहान (21) निवासी नटबोल्ट कॉलोनी, मांगलिया (इंदौर) ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से आईसर वाहन (MP-09 BG-6627) और चोरी गई पानी की टंकी बरामद कर जब्त कर ली।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सविता सिंह जाटव, प्रधान आरक्षक तेजसिंह सिन्हा, राजेश लुवानिया, आरक्षक विजेंद्र, विकास, संजय तथा चालक प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र जाधव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।