अनुकृति गुसाईं बनीं भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता-
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने युवा नेत्री अनुकृति गुसाईं को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी है। नई जिम्मेदारी मिलने पर अनुकृति गुसाईं ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए संगठन की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अनुकृति गुसाईं लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं। पार्टी नेतृत्व ने उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने पर अनुकृति गुसाईं ने कहा कि वह केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी।
नई जिम्मेदारी मिलने पर लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र में समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए अनुकृति गुसाईं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।