
#बिसाऊ_में_महात्मा_ज्योतिबा_फुले_के_नाम_से_बनेगा_सर्किल,
प्रतिमा स्थापना की उठी मांग
सैनी समाज ने नगरपालिका अध्यक्ष को सौंपा मांग पत्र,
निर्धारित मार्ग पर भव्य सर्किल निर्माण और प्रतिमा स्थापित करने की मांग
बिसाऊ। (अशोक सोनी) महान समाज सुधारक, शिक्षाविद एवं सामाजिक समानता के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले के सम्मान में उनके नाम से शहर में निर्धारित मार्ग पर भव्य सर्किल का निर्माण करने तथा सर्किल के मध्य उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठी है। इस संबंध में शुक्रवार, को समस्त समाज बंधुओं एवं सैनी समाज बिसाऊ की ओर से नगरपालिका अध्यक्ष सलमा बानो के नाम लिखा मांग पत्र अध्यक्ष पति सलीम सैयद को सौंपकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया। सैनी समाज के बनवारी लाल सैनी, बैजनाथ सैनी, द्वारका प्रसाद सैनी, विलास सैनी, विजय, दीनदयाल, राम सैनी, विकास, सुरेश सैनी, ओम प्रकाश सैनी, महेंद्र कुमार सैनी, दीनदयाल सैनी, पवन सैनी सहित काफी संख्या में सैनी समाज के लोगों ने मांग पत्र देकर बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम से एक मार्ग निर्धारित किया गया है। उक्त मार्ग पर सर्किल निर्माण एवं उसके मध्य महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा स्थापित करने की मांग पूर्व में भी नगरपालिका प्रशासन के समक्ष रखी जा चुकी है। समाज बंधुओं ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा का प्रसार, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समानता तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। ऐसे महान समाज सुधारक के नाम से निर्धारित मार्ग पर उनकी प्रतिमा स्थापित होना बिसाऊ नगर के लिए गौरव और सम्मान का विषय होगा। मांग पत्र में नगरपालिका प्रशासन से आग्रह किया गया कि पूर्व में प्रस्तुत मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए उक्त मार्ग पर भव्य सर्किल का निर्माण करवाया जाए। साथ ही सर्किल के मध्य महात्मा ज्योतिबा फुले की आदमकद प्रतिमा स्थापित करवाने के साथ सर्किल का उचित सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था एवं नाम पट्टिका लगाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। समाज बंधुओं ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले के विचार और सामाजिक योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके नाम पर सर्किल एवं प्रतिमा स्थापित होने से युवा पीढ़ी को उनके संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक समानता के संदेश से प्रेरणा मिलेगी। समाज की ओर से नगरपालिका अध्यक्ष से जनभावनाओं एवं पूर्व में की गई मांग को ध्यान में रखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता से स्वीकृत कर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करवाने की अपील की गई।
#बिसाऊ #महात्मा_ज्योतिबा_फुले #ज्योतिबा_फुले #सैनी_समाज #बिसाऊ_नगरपालिका #सर्किल_निर्माण #प्रतिमा_स्थापना #सलमा_बानो #सलीम_सैयद #सामाजिक_समानता #शिक्षा_का_अधिकार #महिला_सशक्तिकरण #समाज_सुधारक #जनहित_की_खबर #बिसाऊ_की_खबर #झुंझुनूं #राजस्थान_समाचार #शेखावाटी_एक्सप्रेस #अशोक_सोनी #JyotibaPhule #BissauNews #SainiSamaj