
बिसाऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चंदवा में एनआरआई भामाशाह एवं प्रवासी भारतीय हरिराम गढ़वाल ने शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय पहल करते हुए मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की। स्वर्गीय सुगनी देवी एवं स्वर्गीय जगमाल गढ़वाल के सुपुत्र हरिराम गढ़वाल, जो वर्तमान में सेन फ्रांसिस्को (अमेरिका) में प्रवास कर रहे हैं, ने अपने पूर्व के तीन शिक्षण संस्थानों के कक्षा 12 के टॉपर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति स्वरूप आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
विद्यालय प्राचार्य फारुख अली खान ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चंदवा के सत्र 2025-26 की कक्षा 12 की टॉपर छात्राओं पूजा गढ़वाल, साक्षी एवं नीतू कुमारी सहित राजकीय विद्यालय गांगियासर एवं जटिया बिसाऊ के कुल नौ मेधावी विद्यार्थियों को 50-50 हजार रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इस प्रकार परिवार की ओर से कुल साढ़े चार लाख रुपए की छात्रवृत्ति वितरित की गई।
इसके अतिरिक्त भामाशाह परिवार की ओर से विद्यालय को एक कंप्यूटर, एक प्रिंटर, सभी विद्यार्थियों के लिए टाई-बेल्ट एवं आईडी कार्ड, विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह पर मिठाई की व्यवस्था भी करवाई गई। इन सभी कार्यों पर लगभग डेढ़ लाख रुपए की राशि व्यय की गई।
विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने भामाशाह हरिराम गढ़वाल के इस शिक्षा सहयोग कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा प्रदान करते हैं।
#NRI #bissau #chandwa #scholarship #school
Churu, Churu | Aug 16, 2026