
बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी के हाथों हुआ था उद्घाटन- धनतेरस पर डीडी ज्वैलर्स पहुंची बाट-माप विभाग की टीम, की सूचना पर खंगाले गए सभी तौल कांटे..
प्रिंस शर्मा रुड़की/हिंदुस्तान समाचार।।
रुड़की में धनतेरस के दिन उस वक्त हलचल मच गई, जब बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी के हाथों भव्य उद्घाटन के चलते सुर्खियों में आए आजादनगर चौक स्थित डीडी ज्वैलर्स के शोरूम में बाट-माप विभाग की टीम पहुंच गई। घटतौली की सूचना पर विभागीय अधिकारियों ने शोरूम में मौजूद सभी तौल कांटों और वजन मापने वाले उपकरणों की जांच शुरू कर दी। त्योहार के दिन हुई इस कार्रवाई से बाजार में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। आखिर क्या है पूरा मामला, देखिए हमारी यह खास रिपोर्ट।
दरअसल धनतेरस का त्योहार हो और सोने-चांदी की खरीदारी न हो, ऐसा संभव नहीं। इसी बीच रुड़की के आजादनगर चौक स्थित डीडी ज्वैलर्स को लेकर घटतौली की सूचना सामने आई, जिसके बाद बाट-माप विभाग हरकत में आ गया। सूचना मिलते ही विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार शर्मा अपनी टीम के साथ शोरूम पहुंचे और जांच शुरू कर दी।विभागीय टीम ने शोरूम में रखे सभी तौल कांटों और वजन मापने वाले उपकरणों को बारीकी से जांचा। अधिकारियों ने एक-एक करके उपकरणों की माप क्षमता परखी और यह जानने का प्रयास किया कि ग्राहकों को सोने-चांदी का वजन सही तरीके से दिया जा रहा है या नहीं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी ने इसी डीडी ज्वैलर्स शोरूम का भव्य उद्घाटन किया था, जिसके बाद यह प्रतिष्ठान काफी सुर्खियों में रहा था। लेकिन अब धनतेरस जैसे बड़े खरीदारी के मौके पर घटतौली की सूचना के बाद बाट-माप विभाग की टीम की दस्तक ने इस शोरूम को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। हालांकि, विभाग की टीम घटतौली की सूचना पर जांच के लिए पहुंची थी, लेकिन फिलहाल जांच में किसी गड़बड़ी या अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में अब सबकी निगाहें विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि शोरूम में इस्तेमाल किए जा रहे तौल उपकरण नियमों के अनुरूप पाए गए या नहीं। फिलहाल सवाल यही है कि घटतौली की शिकायत के बाद शुरू हुई इस जांच में क्या सामने आता है? क्या ग्राहकों को सोने-चांदी की खरीदारी में सही वजन मिल रहा था? इसका जवाब तो बाट-माप विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिलेगा। रुड़की से हमारी नजर इस पूरे मामले पर बनी हुई है।