
कभी बच्चों को पढ़ाते थे इतिहास, अब फरियादियों को पढ़ा रहे किस्मत का पाठ! शिक्षक से विधायक बने ब्रजेश रावत की कहानी, खुद दो बार चुनाव जीते और जनता से बोले- बाकी आपकी किस्मत!
उन्नाव। किस्मत भी बड़ी कमाल की चीज है! किसी को शिक्षक से विधायक बना देती है तो किसी फरियादी को विधायक के दरबार से भी किस्मत के भरोसे लौटा देती है। उन्नाव की मोहान विधानसभा से भाजपा विधायक ब्रजेश कुमार रावत का हालिया वीडियो कुछ ऐसा ही सवाल खड़ा कर रहा है।
कभी अटल बिहारी इंटर कॉलेज में इतिहास के प्रवक्ता रहे ब्रजेश रावत आज मोहान विधानसभा के विधायक हैं। दिलचस्प बात यह है कि जिस राजनीतिक किस्मत ने उन्हें दो बार विधानसभा पहुंचाया, उसी किस्मत का ज्ञान अब वह अपनी समस्याएं लेकर आने वाले फरियादियों को देते सुनाई दे रहे हैं।
2017 में भाजपा ने दिया टिकट, पहली ही बार में बन गए विधायक
ब्रजेश कुमार रावत का राजनीतिक सफर 2017 के विधानसभा चुनाव से चर्चा में आया। इससे पहले वह उन्नाव के अटल बिहारी इंटर कॉलेज में इतिहास के प्रवक्ता थे। भाजपा ने मोहान की सुरक्षित विधानसभा सीट से उन्हें पहली बार चुनावी मैदान में उतारा।
पहली ही चुनावी पारी में उन्होंने जीत का इतिहास रच दिया। भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए ब्रजेश रावत को 1,04,884 वोट मिले, जबकि बसपा के राधेलाल रावत को 50,789 वोट मिले। इस तरह उन्होंने 54,095 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर विधानसभा में प्रवेश किया।
2022 में फिर चमकी किस्मत, लगातार दूसरी बार विधायक
राजनीति में पहली जीत के बाद भाजपा ने 2022 में भी उन पर भरोसा जताया। ब्रजेश रावत ने एक बार फिर मोहान सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इस बार उन्हें 1,13,291 वोट मिले, जबकि सपा की डॉ. आंचल को 70,112 वोट मिले। यानी 43,179 वोटों से जीतकर वह लगातार दूसरी बार विधायक बन गए।
इस तरह शिक्षक से विधायक बनने तक का उनका सफर दो चुनावी जीत के साथ आगे बढ़ा।
अब फरियादियों को दे रहे किस्मत का ज्ञान!
अब आते हैं मौजूदा विवाद पर। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक फरियादी अपनी समस्या लेकर भाजपा विधायक ब्रजेश रावत के पास पहुंचता है। विधायक संबंधित अधिकारी को फोन लगाते हैं, लेकिन अधिकारी की कार्यशैली से जुड़े सवालों के बीच फरियादी को ऐसा जवाब मिलता है, जिसने नई बहस छेड़ दी।
विधायक कहते सुनाई देते हैं- ''अधिकारी नहीं सुन रहे तो क्या करें? कलम पकड़कर थोड़ी न करा देंगे काम। बाकी आपकी किस्मत! काम की गारंटी हमारे पास नहीं। हम किसी की किस्मत बना-बिगाड़ नहीं सकते। किस्मत बनाना-बिगाड़ना ऊपर वाले का काम है।''
अब सवाल यह है कि जब शिक्षक रहे ब्रजेश रावत की राजनीतिक किस्मत भाजपा के टिकट और जनता के वोटों से दो बार चमक सकती है, तो अपनी समस्या लेकर पहुंचे फरियादी की किस्मत बदलने के लिए जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारी से पीछे कैसे हट सकते हैं?
विपक्ष को सरकार पर तंज कसने का मौका
विधायक का यह बयान विपक्ष के लिए भी सरकार को घेरने का मुद्दा बन सकता है। विपक्ष सवाल उठा सकता है कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार है और विधायक भी भाजपा के हैं, तो फिर जनता को अधिकारियों के चक्कर और किस्मत के भरोसे क्यों रहना पड़ रहा है?
विधायक का काम अधिकारियों की कुर्सी पर बैठकर कलम चलाना नहीं है, लेकिन अधिकारियों से जवाब मांगना, जनता की समस्याओं को उठाना और समाधान के लिए प्रयास करना उनकी जिम्मेदारी का हिस्सा जरूर है।
आखिर जनता ने ब्रजेश रावत को अपना विधायक इसलिए नहीं चुना कि वह उसे किस्मत का पाठ पढ़ाएं। जनता ने उन्हें इसलिए चुना है कि जब अधिकारी उसकी नहीं सुनें तो उसका विधायक उसकी आवाज बने।
अब देखना यह है कि विधायक जी फरियादी की समस्या का समाधान कराने के लिए आगे क्या कदम उठाते हैं या फिर मामला ऊपर वाले की मर्जी पर ही छोड़ दिया जाएगा!
रिपोर्ट: उन्नाव एक्सप्रेस
Unnao, Unnao | Nov 21, 2026