
हिरण नदी में अचानक आई बाढ़, पुल के ऊपर से बहने लगा पानी; वार्ड-19 का शहर से संपर्क टूटा, पुलिस ने किया रास्ता सील
सीधी। सीधी शहर के वार्ड क्रमांक 19 में शुक्रवार सुबह अचानक हिरण नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई। नदी पर बने पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिसके चलते शहर के मुख्यालय की ओर जाने वाला महत्वपूर्ण मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया। सुबह करीब 8 बजे से पुल के ऊपर पानी का बहाव जारी है। प्रशासन और पुलिस ने एहतियात के तौर पर रास्ते को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया है।
यह मार्ग वार्ड क्रमांक 19 के अलावा वार्ड क्रमांक 20 और आसपास के कई क्षेत्रों के लोगों के लिए शहर आने-जाने का प्रमुख रास्ता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, शिक्षक, नौकरीपेशा लोग और आम नागरिक इसी मार्ग से बस स्टैंड, मुख्य चौराहा और शहर के बाजारों तक पहुंचते हैं। मार्ग बंद होने से करीब 1000 से अधिक लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
हिरण नदी में पानी का बहाव बढ़ने की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। डीएसपी सुजीत कड़वे के साथ कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी। समाजसेवी भी मौके पर पहुंचकर लोगों को पुल पार नहीं करने की समझाइश देते नजर आए।
हालांकि, रास्ता बंद किए जाने के बावजूद कुछ लोग जोखिम उठाकर पुल के ऊपर से बह रहे पानी के बीच सड़क पार करने का प्रयास करते दिखाई दिए। पुलिस ने ऐसे लोगों को रोकते हुए समझाइश दी कि तेज बहाव के बीच पुल पार करना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी स्थिति में पानी के बीच से पुल पार करने की कोशिश न करें।
डीएसपी सुजीत कड़वे ने बताया कि पुल पर पानी आने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग को बैरिकेड कर दिया है। पानी का बहाव कम होने और पुल के नीचे से सुरक्षित रूप से पानी बहने की स्थिति बनने के बाद ही मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोला जाएगा।
फिलहाल मार्ग बंद होने से स्थानीय लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। प्रशासन की टीम लगातार नदी के जलस्तर और पुल की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।