दतिया उपचुनाव में करारी हार के महज 48 घंटे बाद भाजपा ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए जिले की पूरी कार्यकारिणी भंग कर दी है। जिलाध्यक्ष सहित करीब एक हजार पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से दायित्वमुक्त कर दिया गया। मुख्यमंत्री आवास पर हुई समीक्षा बैठक में चुनाव प्रबंधन, बूथ स्तर की रणनीति और भीतरघात को लेकर गंभीर सवाल उठे। कई नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदान से ठीक पहले पार्टी के कुछ स्थानीय पदाधिकारियों और पार्षदों ने अपेक्षित सहयोग नहीं किया, जिससे चुनावी समीकरण प्रभावित हुए। हार के कारणों की जांच के लिए बनाई गई दो सदस्यीय समिति ने अपनी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व के माध्यम से केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी है। अब भाजपा नई जिला कार्यकारिणी के गठन की तैयारी में जुट गई है। साथ ही पार्टी महिला वोटों में आई कमी, अपेक्षित क्षेत्रों में वोट प्रतिशत घटने और संगठन की भूमिका की गहन समीक्षा कर भविष्य की रणनीति तैयार करने में लगी है।