
चूरू। दीपावली के त्योहार पर चूरू पुलिस ने एक दंपती को अनमोल उपहार देते हुए करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात सुरक्षित वापस दिलवाए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से जेवरात से भरा बैग बरामद कर परिवादिया के पति को सुपुर्द किया गया।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 7 नवंबर 2026 को परिवादिया कंचन पत्नी हरीश कुमार निवासी सेहला, चूरू अपने पति के साथ पीहर निराधनू से ससुराल सेहला जा रही थीं। रास्ते में ऑटो रिक्शा में उनका जेवरात से भरा बैग छूट गया। बैग में सोने-चांदी के कीमती आभूषण रखे हुए थे। कुछ समय बाद बैग गायब होने का पता चलने पर दंपती ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बैग का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निश्छय प्रसाद एमआईपीएस के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार आरपीएस एवं वृत्ताधिकारी गजेन्द्र सिंह आरपीएस के निकटतम सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी गौरव खिड़िया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आसपास पूछताछ करने के साथ विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और ऑटो रिक्शा चालक का पता लगाया।
पुलिस की तत्परता और सजगता से ऑटो रिक्शा चालक महबूब खान को तलाश कर जेवरात से भरा बैग बरामद कर लिया गया। इसके बाद बैग में रखे समस्त आभूषण सकुशल परिवादिया के पति हरीश कुमार को सुपुर्द कर दिए गए। बरामद जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
कीमती जेवरात वापस मिलने पर कंचन और उनके परिवार ने चूरू पुलिस की कार्यशैली, ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। दीपावली के अवसर पर पुलिस की इस कार्रवाई से परिवार की खुशियां लौट आईं।
#tharkiawaazajay #churu #ChuruNews #ChuruPolice #rajasthanpolice Churu Police Rajasthan Police
Churu, Churu | Nov 8, 2026