
जुगसलाई में कुष्ठ जागरूकता अभियान के तहत लगा निःशुल्क जांच शिविर, 17 संदिग्ध मरीजों की जांच में एक नए कुष्ठ रोगी की पुष्टि
जमशेदपुर के जुगसलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मरीजों की समय पर पहचान के उद्देश्य से निःशुल्क चर्मरोग जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर मेरी दोस्ती तुमसे यानी एमडीटी 100 दिवसीय कुष्ठ जागरूकता अभियान के तहत आयोजित हुआ।
शिविर में सहियाओं द्वारा खोजे गए 17 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई, जिनमें एक नए कुष्ठ रोगी की पुष्टि हुई। पुष्टि होने के बाद मरीज को निःशुल्क एमडीटी दवा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा 13 मरीजों को एमसीआर चप्पल और पांच मरीजों को सेल्फ केयर किट वितरित किए गए।
जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सह जुगसलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धावड़िया ने स्वास्थ्यकर्मियों को अभियान के तहत संचालित जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग की जल्द पहचान कर इलाज शुरू करने से दिव्यांगता से बचा जा सकता है।
वहीं, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने बताया कि शरीर पर किसी दाग में स्पष्ट रूप से सुनापन महसूस होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग एक बैक्टीरिया जनित बीमारी है। यह न तो अभिशाप है और न ही पिछले जन्म का पाप। इसका इलाज सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क उपलब्ध है।
पीएमडब्ल्यू संगीता चाकी ने सेल्फ केयर के महत्व और रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सहियाओं को कुष्ठ विभाग की ओर से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के संबंध में भी बताया।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि कुष्ठ रोग के लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने में देरी न करें, क्योंकि समय पर इलाज से बीमारी को नियंत्रित करने और दिव्यांगता से बचाव में मदद मिलती है।
#Jamshedpur #Jugsalai #LeprosyAwareness #MDTCampaign #LeprosyFreeIndia #FreeHealthCamp #EastSinghbhum #CivilSurgeon #DrSahirPal #DrMrityunjayDhawadia #HealthNews #JharkhandNews #LeprosyTreatment #कुष्ठरोग #कुष्ठजागरूकताअभियान #जुगसलाई #जमशेदपुर #निःशुल्कजांचशिविर #स्वास्थ्यसमाचार #पूर्वीसिंहभूम #छोटानागपुरLIVE