
स्थानांतरण आदेश के बाद भी 12 साल से एक ही सीट पर जमे कैशियर पर उठे सवाल, कार्यमुक्त न करने का आरोप
मिर्जापुर। लघु सिंचाई विभाग में तैनात कैशियर भूपेंद्र कुमार सिंह के स्थानांतरण आदेश के बाद भी कार्यमुक्त न किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वह करीब 12 वर्षों से एक ही सीट पर तैनात हैं और शासन के आदेशों के बावजूद अभी तक उन्हें रिलीव नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय द्वारा जारी आदेश के तहत कैशियर भूपेंद्र कुमार सिंह का स्थानांतरण मिर्जापुर से सोनभद्र कृषि विभाग किया गया है। स्थानांतरण सूची में उनका नाम क्रमांक 21 पर अंकित बताया गया है। आदेश में कार्यालयाध्यक्ष को एक सप्ताह के अंदर कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए गए थे।
आरोप लगाया गया है कि अधिशासी अभियंता के करीबी होने के कारण अभी तक उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया गया। वहीं यह भी आरोप है कि संबंधित कर्मचारी ठेकेदारों को स्थानांतरण रुक जाने का आश्वासन दे रहे हैं।
मामले में शिकायतकर्ताओं ने शासन के आदेशों की अवहेलना की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।