
यमुनानगर। जिले के बिलासपुर क्षेत्र में शनिवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिजली निगम के एसडीओ विकास बंसल की मौत हो गई। हादसा साढ़ौरा रोड पर उस समय हुआ जब उनकी सरकारी बोलेरो और एक प्राइवेट बस के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में बस में सवार कई यात्री भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार विकास बंसल अपनी सरकारी बोलेरो स्वयं चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा ओवरटेक करने के दौरान हुआ। बताया जा रहा है कि इसी दौरान सामने से आ रही प्राइवेट बस से बोलेरो की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल विकास बंसल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
एसडीओ विकास बंसल के निधन की खबर से बिजली निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों में शोक की लहर है। उनके आकस्मिक निधन पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा क्षेत्र के लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।