सभी सरकारी कार्यालयों में आयोजित हुई जनसुनवाई, जिला पदाधिकारी ने सुनीं 26 शिकायतें।
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय "सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)" के अंतर्गत आम नागरिकों के दैनिक जीवन को सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार आज जिले के सभी ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तरीय सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित की गई।
जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा कुल 26 शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत किए गए। जिला पदाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा कई शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया। शेष मामलों को आवश्यक जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान थाना रोह अंतर्गत ग्राम बारा पाण्डेय निवासी रामचन्द्र पंडित द्वारा रास्ता अवरुद्ध किए जाने से संबंधित, थाना वारिसलीगंज अंतर्गत ग्राम हाजीपुर निवासी सुन्दर प्रसाद द्वारा ट्यूबवेल लगवाने से संबंधित, थाना रजौली अंतर्गत ग्राम धमनी निवासी नीतू देवी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित तथा थाना नवादा सदर अंतर्गत प्रसाद बिगहा निवासी टींकू कुमारी द्वारा एफडी (Fixed Deposit) तुड़वाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें एवं समस्याएं जनसुनवाई में रखी गईं।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों एवं आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध कराया जा सके।
इसी क्रम में नवादा सदर एवं रजौली अनुमंडल कार्यालयों सहित जिले के सभी ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तरीय कार्यालयों में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजनों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Jul 13, 2026