Public App Logo
Jansamasya
News
पुलिस
Bjp
National
Police
Bihar
India
कांग्रेस
बीजेपी
Gujarat
मुख्यमंत्री
Congress
Modi
Delhi
Viral
मारपीट
Crime
Dm
Up
अमित_शाह
Bollywood
Breakingnews
Narendramodi
Madhya_pradesh
उत्तरप्रदेश
Pmmodi
Rahulgandhi
यूपी
कानपुर

# भंवरीदेवी हत्याकांड में एसआईटी की जांच शुरू, लोहावट में बढ़ा जनाक्रोश; 115 लोग अनशन पर, नंगे पैर निकली रैली लोहावट। जंभेश्वर नगर में घर के बाहर सो रही भंवरीदेवी विश्नोई की हत्या के 16 दिन बाद भी मामले का खुलासा नहीं होने से लोहावट में जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। हत्याकांड की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बुधवार को घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। एडीजी क्राइम विपिन कुमार पांडेय के नेतृत्व में पहुंची टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतका के पति गंगाविशन तथा भाई मांगीलाल से घंटों पूछताछ की। एसआईटी ने परिजनों से घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं और संभावित संदिग्धों के बारे में जानकारी ली। सीआईडी-सीबी जयपुर की साइबर विशेषज्ञ टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर तकनीकी जानकारी जुटाई। एसआईटी अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रिपोर्ट तैयार कर रही है। इधर, आरोपी की गिरफ्तारी और भंवरीदेवी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पुलिस थाने के बाहर चल रहा सर्व समाज का धरना और आमरण अनशन सातवें दिन भी जारी रहा। पूर्व विधायक किशनाराम विश्नोई सहित 115 लोग अनशन पर बैठे हैं। लगातार अनशन के कारण कुछ अनशनकारियों के स्वास्थ्य में गिरावट की बात सामने आई है। ## दो किलोमीटर नंगे पैर निकली रैली पूर्व विधायक किशनाराम विश्नोई के नेतृत्व में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे नंगे पैर रैली निकाली गई। करीब दो किलोमीटर लंबी रैली पुलिस थाना चौराहा, मुख्य बाजार, बाराम सर्किल, बद्री चौराहा और रेलवे स्टेशन रोड होते हुए वापस धरनास्थल पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण शामिल हुए। लोगों ने भंवरीदेवी को न्याय दिलाने और हत्याकांड का जल्द खुलासा करने की मांग को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ## कलक्टर कार्यालय घेराव की चेतावनी पूर्व विधायक किशनाराम विश्नोई ने कहा कि घटना को 16 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक मामले का खुलासा नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा अगले चरण में कलक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। ## सुराग देने वाले को 50 हजार रुपए का इनाम जोधपुर रेंज पुलिस ने हत्याकांड के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार सूचना जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 8905582100 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। ## बारिश के बावजूद डटे रहे आंदोलनकारी बुधवार सुबह तेज बारिश के कारण पुलिस थाने के सामने धरनास्थल पर जलभराव हो गया। कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था संभालते हुए पानी निकासी की व्यवस्था की। बारिश के बावजूद अनशनकारी और ग्रामीण धरनास्थल पर डटे रहे। लोहावट के अलावा फलोदी, जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा, गंगानगर, जालोर, हनुमानगढ़, नागौर और सांचौर सहित कई जिलों से लोग आंदोलन के समर्थन में पहुंचे। ## कई जगह बाजार बंद हत्याकांड के विरोध में नौसर और भीकमकोर में बाजार बंद रहे। भीयासर में भी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन का समर्थन किया गया। बाप क्षेत्र के कानासर गांव में ग्रामीणों ने भी बाजार बंद रखकर धरनार्थियों के समर्थन में विरोध जताया। पुलिस महानिदेशक अपराध विपिन कुमार पांडेय ने कहा कि पुलिस टीम पूरी तरह सजग है। कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और मामले का जल्द खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Tinwari, Jodhpur | Aug 13, 2026