
बलौदाबाजार -: आपसी विवाद में डंडे से पीटकर महिला की हत्या, आरोपी घनसाय विश्वकर्मा गिरफ्तार, हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां आपसी विवाद के चलते एक व्यक्ति ने महिला की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा, खून से सना गिलास और आरोपी के खून के धब्बे वाले कपड़े भी जब्त किए हैं।
पूरा मामला बलौदाबाजार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम रवान का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी घनसाय विश्वकर्मा उम्र 59 वर्ष और मृतिका रेवती जायसवाल पिछले करीब सात वर्षों से एक दुकान के कमरे में पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।
बताया गया कि 11 नवंबर की रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद 12 नवंबर की सुबह जानकारी मिली कि रेवती जायसवाल की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचने पर महिला कमरे में खून से लथपथ मृत अवस्था में मिली।
घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 945/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और आरोपी घनसाय विश्वकर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद घटना में प्रयुक्त डंडा, खून से सना गिलास और आरोपी के कपड़े जब्त किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को 12 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Durg, Durg | Nov 13, 2026