
तिरहुत शिक्षक सीट पर जन सुराज का बड़ा ऐलान, श्यामनंदन यादव को बनाया उम्मीदवार
पटना में जन सुराज पार्टी ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व सैनिक, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता प्रो. श्यामनंदन कुमार यादव को उम्मीदवार घोषित किया।
मनोज भारती ने कहा कि पार्टी के साथियों की राय और तिरहुत क्षेत्र की भावना को देखते हुए श्यामनंदन यादव के नाम पर निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि श्यामनंदन यादव भारतीय सेना में 15 वर्षों तक सेवा दे चुके हैं और उनके छोटे भाई प्रमोद यादव कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे, जिन्हें मरणोपरांत सेना मेडल से सम्मानित किया गया।
उम्मीदवार बनाए जाने पर श्यामनंदन यादव ने जन सुराज नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस उम्मीद पर खरा उतरने के लिए वे कदम से कदम मिलाकर चलेंगे।
पार्टी नेता रामबली चंद्रवंशी ने कहा कि जन सुराज लोकतांत्रिक तरीके से उम्मीदवार का चयन करता है। वहीं राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने शिक्षकों को लेकर मुजफ्फरपुर में दिए गए भूषण झा के कथित बयान को अस्वीकार्य बताया।
श्यामनंदन यादव शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र से भी जुड़े रहे हैं।
#TirhutNow #JanSuraaj #ShyamNandanYadav #TirhutTeacherConstituency #BiharNews